Karnataka News(Pocketsnews): कर्नाटक के मैसूरु में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक ऐसा अंदाज देखने को मिला जिसने वहां मौजूद बीजेपी कार्यकर्ताओं का दिल जीत लिया। एक कार्यक्रम के दौरान जब 70 साल की बुजुर्ग महिला की तबीयत बिगड़ी और उन्हें चक्कर आने लगे तो पीएम मोदी खुद उनके पास पहुंच गए। उन्होंने महिला का हाल जाना और तुरंत उनकी मदद के लिए जरूरी इंतजाम भी करवाए।
दरअसल शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मैसूरु में कॉसमॉस तारामंडल के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान वहां बीजेपी की वरिष्ठ कार्यकर्ता और नंजनगुड टाउन म्युनिसिपैलिटी की पूर्व अध्यक्ष प्रेमा सिम्बैया भी मौजूद थीं। कार्यक्रम के बीच अचानक उनकी तबीयत खराब होने लगी। उन्हें कमजोरी महसूस हुई और चक्कर आने लगे। उनकी हालत देखकर ऐसा लग रहा था कि कहीं वह गिर न जाएं।
जैसे ही पीएम मोदी की नजर उन पर पड़ी तो वह बिना देर किए उनके पास पहुंच गए। उन्होंने महिला की हालत देखी और उनकी मदद के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा। महिला को संभालने के लिए जूस दिया गया ताकि उन्हें थोड़ी राहत मिल सके। इतना ही नहीं पीएम मोदी ने अपने काफिले के साथ मौजूद डॉक्टर को भी महिला की जांच करने और उनकी सही देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस पूरे मामले की तस्वीरें बीजेपी महिला मोर्चा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर की हैं। तस्वीरों के साथ लिखे संदेश में बताया गया कि प्रेमा के को कमजोरी महसूस होने पर प्रधानमंत्री ने खुद उनका हाल जाना और डॉक्टर से तुरंत जरूरी देखभाल के साथ इलेक्ट्रोलाइट्स देने को कहा।
बीजेपी महिला मोर्चा ने पीएम मोदी के इस व्यवहार को एक सच्चे प्रधान सेवक की पहचान बताया। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भी इस घटना की काफी चर्चा हो रही है। लोगों का कहना है कि बड़े कार्यक्रमों और भीड़ के बीच भी किसी की परेशानी देखकर मदद के लिए आगे आना अच्छी बात है।
मैसूरु की यह घटना अब चर्चा में है और पीएम मोदी का बुजुर्ग महिला के प्रति दिखाया गया यह व्यवहार लोगों का ध्यान खींच रहा है।

