UTTAR PARDESH NEWS(Pockets news): उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दलित राजनीति को लेकर हलचल तेज हो गई है। मायावती की 6 दिसंबर रैली को इसी सियासी तैयारी का बड़ा हिस्सा माना जा रहा है। लखनऊ के आंबेडकर स्मारक स्थल पर होने वाली इस रैली के जरिए मायावती अपनी ताकत दिखाना चाहती हैं। साथ ही चंद्रशेखर आजाद के बढ़ते प्रभाव को रोकने और बसपा के पुराने वोटबैंक को फिर से अपने साथ जोड़ने की कोशिश भी होगी।
दरअसल बसपा पिछले कई चुनावों से लगातार कमजोर होती दिख रही है। 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को सिर्फ एक सीट मिली थी। वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में बसपा अपना खाता भी नहीं खोल पाई थी। ऐसे में मायावती के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने पुराने समर्थकों को फिर से पार्टी के साथ जोड़ने की है।
दूसरी तरफ नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद दलित युवाओं के बीच अपनी पहचान मजबूत कर रहे हैं। उनकी आक्रामक राजनीति और जमीन पर सक्रिय रहने की शैली ने उन्हें एक नए दलित चेहरे के तौर पर पहचान दिलाई है। खासकर युवा वर्ग के बीच उनका प्रभाव बढ़ता दिखाई दे रहा है।
इसी बीच चंद्रशेखर आजाद भी 26 नवंबर को लखनऊ के माता रमाबाई आंबेडकर मैदान में बहुजन स्वराज संकल्प महारैली करने जा रहे हैं। इस कार्यक्रम के जरिए संविधान सामाजिक न्याय और बराबरी का संदेश देने के साथ अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी है।
मायावती की रैली में उनके भतीजे आकाश आनंद की भूमिका भी काफी अहम रहने वाली है। उन्हें संगठन और चुनावी तैयारियों की जिम्मेदारी दी गई है। बसपा इस रैली के जरिए अपने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरना चाहती है। पार्टी की कोशिश दलित समाज के साथ पिछड़े वर्ग और दूसरे समुदायों को भी अपने साथ जोड़ने की है।
मायावती के सामने जाटव वोटबैंक को बचाने के साथ गैर जाटव दलितों और मुस्लिम मतदाताओं का भरोसा दोबारा जीतने की चुनौती भी है। पार्टी 2007 के सर्वजन फॉर्मूले को नए तरीके से आगे बढ़ाने की तैयारी में भी जुटी है।
अब सबकी नजर 6 दिसंबर की रैली पर रहेगी। यह देखना दिलचस्प होगा कि मायावती का यह शक्ति प्रदर्शन बसपा को कितनी मजबूती देता है और चंद्रशेखर आजाद के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव को कितनी चुनौती दे पाता है।

