UTTAR PARDESH NEWS(Pocketsnews): उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट को लेकर राजनीति गरमा गई है। यूपी में 1.27 करोड़ हिंदू वोट कटने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दावे ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सीएम योगी का कहना है कि विशेष मतदाता पुनरीक्षण यानी SIR के बाद बड़ी संख्या में हिंदू मतदाताओं के नाम सूची से गायब हो गए हैं। अब इस मुद्दे पर बीजेपी और समाजवादी पार्टी आमने सामने हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सवाल उठाया है कि जब पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में लोगों के नाम मौजूद हैं तो विधानसभा की वोटर लिस्ट से वे कैसे गायब हो गए। उन्होंने दावा किया कि करीब 55 लाख सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और 18 साल से ऊपर के लगभग 4.5 लाख युवाओं के नाम भी वोटर लिस्ट में नहीं दिखाई दे रहे हैं।
योगी ने यह भी कहा कि मुस्लिम मतदाताओं की संख्या में 1.65 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। इसी वजह से उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा और कहा कि वह SIR को वापस लेने की मांग नहीं करेंगे।
हालांकि इस पूरे मामले में एक बड़ा सवाल यह भी है कि क्या चुनाव आयोग के पास धर्म के आधार पर वोटरों के नाम कटने का कोई आधिकारिक आंकड़ा मौजूद है। SIR के बाद सामने आए आंकड़ों के मुताबिक उत्तर प्रदेश में करीब 2.04 करोड़ मतदाता कम हुए हैं जबकि 84.28 लाख नए नाम भी जुड़े हैं। ऐसे में सिर्फ हिंदू वोटरों के नाम कटने के दावे की सच्चाई सामने आना अभी बाकी है।
दूसरी तरफ चुनाव आयोग ने पंचायत और विधानसभा की मतदाता सूचियों में अंतर को देखते हुए दोनों का मिलान कराने का फैसला किया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणावा के मुताबिक आगे होने वाले SSR के दौरान एक करोड़ से ज्यादा नए मतदाता जुड़ सकते हैं।
बीजेपी ने भी बूथ स्तर पर उन लोगों के नाम जुड़वाने का अभियान शुरू कर दिया है जो किसी वजह से वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हो पाए हैं। वहीं अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री से सवाल किया है कि उन्हें 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने की जानकारी आखिर कहां से मिली।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि वोटर लिस्ट में नाम कटने का मामला कितना बड़ा है और चुनाव आयोग की जांच में क्या सामने आता है।

