वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन पर शनिवार को उस समय खास माहौल बन गया, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अचानक स्टेशन पर खड़ी ‘सीर गोवर्धनपुर वाराणसी एक्सप्रेस’ के एक कोच में पहुंच गए। इस डिब्बे में आइवीवाई वर्ल्ड स्कूल के छात्र-छात्राएं यात्रा कर रहे थे। प्रधानमंत्री बच्चों के बीच बैठ गए और करीब चार मिनट तक उनसे बातचीत की। इस दौरान उन्होंने ‘विकसित भारत’, स्वच्छता, देशभक्ति और नागरिक जिम्मेदारियों पर चर्चा की तथा बच्चों के सवालों के जवाब भी दिए।
‘आपका पसंदीदा विषय कौन-सा है?’
बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने बच्चों से पूछा कि उनका पसंदीदा विषय कौन-सा है। बच्चों ने उत्साह के साथ ‘गणित’ जवाब दिया। इसके बाद बच्चों ने भी प्रधानमंत्री से उनका पसंदीदा विषय पूछा। इस पर मुस्कुराते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “आप सबसे मिलना और आपसे बातें करना।” इसके बाद उन्होंने बच्चों से पूछा कि उनकी नजर में विकसित भारत कैसा होना चाहिए। बच्चों ने जवाब दिया— “स्वच्छ भारत, मजबूत भारत और अपना भारत।” प्रधानमंत्री ने उनकी बात की सराहना करते हुए कहा कि विकसित भारत की शुरुआत छोटी-छोटी अच्छी आदतों से होती है।

स्वच्छता, देसी उत्पाद और देशभक्ति का दिया संदेश
प्रधानमंत्री ने बच्चों से कहा कि वे अपने घर और आसपास स्वच्छता बनाए रखें, प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करें और जहां संभव हो, स्वदेशी उत्पादों को अपनाएं। उन्होंने कहा कि देशभक्ति केवल बड़े कार्यों से ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की अच्छी आदतों और जिम्मेदार नागरिक बनने से भी निभाई जा सकती है। मुलाकात के अंत में प्रधानमंत्री ने बच्चों को अपने हस्ताक्षर वाली कैप (टोपी) भेंट की और हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।
बच्चों ने साझा किया अपना अनुभव
छात्रा अनवी ने बताया कि प्रधानमंत्री उनके बगल में आकर बैठे, जिससे वह पहले घबरा गईं, लेकिन बाद में खुद को बेहद भाग्यशाली महसूस किया। उन्होंने प्रधानमंत्री से पूछा कि देश के विकास में बच्चों की क्या भूमिका हो सकती है। इस पर प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की सेवा अच्छे कार्यों, सकारात्मक सोच और जिम्मेदार नागरिक बनकर भी की जा सकती है।
वहीं छात्रा खुशी ने कहा कि प्रधानमंत्री को सामने देखकर उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ। उन्होंने युवाओं की भूमिका पर सवाल पूछा, जिसके जवाब में प्रधानमंत्री ने स्वच्छता, स्वास्थ्य और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने को देश सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
जन्मदिन पर मिला खास उपहार
छात्रा स्वामिनी सेतिया के लिए यह मुलाकात और भी यादगार बन गई। उन्होंने बताया कि उस दिन उनका जन्मदिन था और प्रधानमंत्री ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। साथ ही अपने हस्ताक्षर वाली कैप भी भेंट की। स्वामिनी ने कहा कि प्रधानमंत्री का व्यक्तित्व और उनका प्रेरणादायक संवाद उन्हें हमेशा याद रहेगा।
वाराणसी कैंट स्टेशन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बच्चों के साथ हुई यह मुलाकात केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं रही, बल्कि विकसित भारत, स्वच्छता, देशभक्ति और नागरिक कर्तव्यों पर प्रेरक संवाद का अवसर भी बनी। बच्चों के साथ सहज बातचीत और उनके सवालों के जवाब देकर प्रधानमंत्री ने उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।

