डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर पंजाब के पठानकोट में आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की राजनीति और विकास को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का गठबंधन किसी राजनीतिक दल से नहीं, बल्कि सीधे पंजाब की जनता के साथ है।
पठानकोट में भाजपा कार्यक्रम को किया संबोधित
सुजानपुर स्थित आर.एस. गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब के समग्र विकास और तेज प्रगति के लिए राज्य में डबल इंजन सरकार की आवश्यकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व डिप्टी स्पीकर दिनेश सिंह बब्बू ने की, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने माधोपुर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मारक पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
डॉ. मुखर्जी के योगदान को किया याद
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 5 अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर डॉ. मुखर्जी के सपने को साकार किया।

हरियाणा सरकार की योजनाओं का किया उल्लेख
नायब सिंह सैनी ने अपने भाषण में हरियाणा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला है। साथ ही महिलाओं के लिए रियायती एलपीजी सिलेंडर और आर्थिक सहायता जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।
पंजाब की जनता विकास चाहती है: सैनी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की जनता अब विकास, पारदर्शिता और जवाबदेही चाहती है तथा आने वाले चुनाव में जनता अपने मत से निर्णय करेगी।
कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा, प्रदेश महामंत्री राकेश राठौर, जिला अध्यक्ष सुरेश कुमार, पूर्व विधायक सीमा कुमारी, विनोद धीमान सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

