पंजाब सरकार बुधवार (1 जुलाई) को ‘मावां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत राज्य की महिलाओं के बैंक खातों में पहली किस्त ट्रांसफर करेगी। इस योजना के अंतर्गत सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1,000 रुपये प्रतिमाह और अनुसूचित जाति (SC) की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। पहली किस्त के रूप में अप्रैल, मई और जून यानी तीन महीनों की राशि एक साथ भेजी जाएगी। इसके तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को 3,000 रुपये और एससी वर्ग की महिलाओं को 4,500 रुपये सीधे बैंक खाते में मिलेंगे।
अरविंद केजरीवाल ने बताया ऐतिहासिक दिन
योजना के तहत राशि जारी होने से पहले आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर इसे पंजाब की माताओं और बहनों के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि अब तक सभी सरकारों ने पंजाब को लूटा, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार जनता के पैसे को सीधे लोगों तक पहुंचा रही है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब अब विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है।

किन महिलाओं को मिलेगा योजना का लाभ?
इस योजना का लाभ पंजाब की 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं को मिलेगा। लाभार्थी का पंजाब का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है और आधार कार्ड में भी पंजाब का पता दर्ज होना चाहिए। यदि एक परिवार में एक से अधिक पात्र महिलाएं हैं, तो प्रत्येक महिला को अलग-अलग सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।
संगरूर से करेंगे राशि ट्रांसफर
मुख्यमंत्री भगवंत मान संगरूर जिले से इस योजना की पहली किस्त का शुभारंभ करेंगे और लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में राशि सीधे डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी जाएगी। सरकार का दावा है कि यह योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

