आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपनी टीम को मजबूत करने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। फ्रेंचाइजी ने जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को अपनी टीम में शामिल कर लिया है। केकेआर ने उन्हें बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में जगह दी है। हाल ही में देश में हुए विवाद के बाद फ्रेंचाइजी ने मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया था। ऐसे में टीम को एक अनुभवी तेज गेंदबाज की जरूरत थी और इसी को ध्यान में रखते हुए मुजरबानी को मौका दिया गया है। माना जा रहा है कि उनकी लंबाई और तेज रफ्तार गेंदबाजी के कारण केकेआर को नई गेंद के साथ बड़ी मजबूती मिल सकती है।
PSL छोड़ IPL खेलने के फैसले से बढ़ा विवाद
ब्लेसिंग मुजरबानी को टीम में शामिल करने के बाद एक नया विवाद भी खड़ा हो गया है। दरअसल आईपीएल से पहले मुजरबानी पाकिस्तान सुपर लीग की टीम इस्लामाबाद यूनाइटेड का हिस्सा थे। इस्लामाबाद यूनाइटेड ने उन्हें शमार जोसेफ के रिप्लेसमेंट के तौर पर अपने स्क्वॉड में शामिल किया था। लेकिन जब उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स से खेलने का मौका मिला तो उन्होंने तुरंत पीएसएल छोड़कर आईपीएल में खेलने का फैसला कर लिया। उनके इस फैसले ने पाकिस्तान क्रिकेट में हलचल मचा दी है। कई लोगों का मानना है कि किसी खिलाड़ी का टूर्नामेंट के बीच में लीग छोड़ना अनुबंध नियमों का उल्लंघन हो सकता है।

PCB ले सकता है कानूनी कार्रवाई
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अब इस मामले को गंभीरता से ले रहा है। जियो सुपर की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पीसीबी 29 वर्षीय मुजरबानी के खिलाफ लीगल एक्शन लेने पर विचार कर रहा है। हालांकि यह पहली बार नहीं है जब किसी खिलाड़ी ने पीएसएल छोड़कर आईपीएल में खेलने का फैसला किया हो। इससे पहले भी कई खिलाड़ियों ने आईपीएल को प्राथमिकता दी है। पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कॉर्बिन बॉश ने भी ऐसा ही कदम उठाया था। उन्हें पेशावर जाल्मी ने डायमंड प्लेयर के रूप में चुना था लेकिन बाद में वह मुंबई इंडियंस के साथ बतौर रिप्लेसमेंट खिलाड़ी जुड़ गए थे। इस वजह से अब यह मामला क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बन गया है।
टी20 वर्ल्ड कप में शानदार रहा मुजरबानी का प्रदर्शन
ब्लेसिंग मुजरबानी हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए नजर आए थे। उन्होंने इस टूर्नामेंट में अपनी तेज गेंदबाजी से सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा था। मुजरबानी ने 6 मैचों में 13 विकेट हासिल किए थे और वह टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने थे। खास तौर पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच में उन्होंने चार विकेट लेकर जिम्बाब्वे को शानदार जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उनकी इसी शानदार गेंदबाजी के दम पर जिम्बाब्वे की टीम सुपर आठ तक पहुंचने में सफल रही थी। अब आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स को उनसे इसी तरह के दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी और फैंस भी उन्हें बड़े मंच पर देखने के लिए उत्साहित हैं।

