भारत में Apple MacBook Pro खरीदना एक महंगा सौदा होता है लेकिन एक भारतीय यूजर ने ऐसा तरीका निकाला कि हजारों रुपये की बचत करते हुए विदेश यात्रा भी कर ली। यह यूजर खासतौर पर वियतनाम की राजधानी हनोई गया जहां उसे वही मैकबुक 36,500 रुपये सस्ता मिला। इस व्यक्ति ने Reddit पर अपनी पूरी कहानी शेयर की जिससे अन्य लोग भी प्रेरित हो रहे हैं।
वियतनाम में कैसे सस्ता मिला MacBook Pro
इस यूजर ने बताया कि भारत में 24GB RAM वाला MacBook Pro खरीदने पर लगभग 1,85,000 रुपये खर्च होते हैं। लेकिन हनोई में VAT रिफंड लेने के बाद उसे वही मॉडल केवल 1,48,500 रुपये में मिला। इसका मतलब है कि उसने सिर्फ कीमत में ही नहीं बल्कि टैक्स और इम्पोर्ट ड्यूटी जैसे अतिरिक्त खर्चों से भी बचाव किया।
15 दुकानों में घूमकर ढूंढा सबसे अच्छा सौदा
इस शख्स ने वियतनाम जाकर करीब 15 दुकानों में MacBook की कीमत और ऑफर्स का जायजा लिया। इसके अलावा, उसने VAT रिफंड लेने के डॉक्युमेंट्स के बारे में अच्छी तरह से जानकारी हासिल की ताकि और ज्यादा पैसे बचाए जा सकें। उसका सुझाव है कि यदि कोई भी विदेश से इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदना चाहता है तो पहले से पूरी जानकारी जुटा लेनी चाहिए।
खर्च की पूरी जानकारी भी दी
उस व्यक्ति ने अपने 11 दिन की यात्रा के हर खर्च की जानकारी साझा की है। फ्लाइट टिकट, होटल स्टे, खाने-पीने और घूमने-फिरने समेत सारी चीजों पर कुल मिलाकर 1,97,000 रुपये खर्च हुए। अगर इसमें से MacBook की कीमत घटाई जाए तो लगभग 48,000 रुपये यात्रा पर खर्च हुए। यानी सिर्फ 12,000 रुपये ज्यादा खर्च कर एक विदेश यात्रा और मैकबुक दोनों का फायदा ले लिया।
क्या है सीख इस कहानी से
इस कहानी से यह साफ हो जाता है कि थोड़ी सी योजना और रिसर्च से बड़ी बचत की जा सकती है। भारत में महंगे इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद खरीदने की बजाय यदि विदेश यात्रा और टैक्स रिफंड का सही उपयोग किया जाए तो फायदे के साथ-साथ अनुभव भी मिल सकता है। हालांकि सभी के लिए यह विकल्प नहीं हो सकता लेकिन टेक प्रेमियों के लिए यह एक प्रेरणादायक तरीका जरूर बन सकता है।