Umeed Portal: केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने वक्फ से जुड़ा ‘उम्मीद‘ पोर्टल लॉन्च किया है। यह पोर्टल यूनिफाइड वक्फ मैनेजमेंट एम्पावरमेंट एफिशिएंसी एंड डेवलपमेंट एक्ट 1995 के तहत बनाया गया है। इसके जरिए देश की सभी वक्फ संपत्तियों को छह महीने के भीतर पंजीकृत करना अनिवार्य होगा।
मोबाइल और ईमेल से होगी पहचान
उम्मीद पोर्टल पर पंजीकरण के लिए तीन लेयर बनाए गए हैं। इसमें मेकर चेकर और अप्रूवल की व्यवस्था है। वक्फ संपत्ति का मुतवल्ली मेकर होगा जिसे राज्य या केंद्र शासित प्रदेश का वक्फ बोर्ड तय करेगा। पहचान मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी से सत्यापित की जाएगी।
CEO और अधिकारी देंगे मंजूरी
पोर्टल पर दर्ज संपत्तियों की जांच जिला स्तरीय अधिकारी करेगा जिसे वक्फ बोर्ड अधिकृत करेगा। इसके बाद संपत्ति की पुष्टि और अंतिम मंजूरी वक्फ बोर्ड के सीईओ या अधिकृत अधिकारी द्वारा की जाएगी। इससे संपत्तियों की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
हजारों ज़िंदगियों को मिलेगा लाभ
किरण रिजिजू ने लॉन्चिंग के दौरान कहा कि यह पोर्टल एक छोटा कदम नहीं बल्कि हजारों ज़िंदगियों को फायदा पहुंचाने वाला ऐतिहासिक प्रयास है। उन्होंने मुस्लिम समुदाय को बधाई दी और बताया कि सरकार इस पर गंभीरता से काम कर रही है और इसे जल्द पूरा करना चाहती है।
महिलाएं और अनाथ बच्चों को मिलेगा सहारा
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस पोर्टल से मुस्लिम महिलाओं और अनाथ बच्चों को सीधा लाभ मिलेगा। देश में करीब 9 लाख वक्फ संपत्तियां हैं और अब यह देखना होगा कि कितने पंजीकरण समय पर पूरे होते हैं। उन्होंने राज्य सरकारों और वक्फ बोर्डों से समय पर कार्य पूरा करने की अपील की।