पंजाब के मशहूर गायक Gurdas Maan के घर में गहरा दुख छा गया है। उनके छोटे भाई गुरपंथ सिंह मान का निधन हो गया है। सोमवार की शाम मोहाली के एक निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। गुरपंथ सिंह मान केवल 68 साल के थे। लंबे समय से बीमार चल रहे थे और पिछले दो महीनों से इलाज चल रहा था।
अचानक बिगड़ी तबीयत ने छीन ली जिंदगी
बताया जा रहा है कि उनकी तबीयत में हाल ही में सुधार हुआ था और उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी मिल गई थी। परिवार को उम्मीद थी कि अब वह ठीक हो जाएंगे लेकिन सोमवार शाम करीब पांच बजे उनकी हालत फिर से बिगड़ गई। उन्हें फिर से अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया लेकिन वह जिंदगी की जंग हार गए।
View this post on Instagram
गुरदास मान और भाई का खास रिश्ता
गुरदास मान अपने छोटे भाई गुरपंथ से बेहद प्यार करते थे। दोनों के बीच बहुत ही प्यारा और गहरा रिश्ता था। गुरदास मान के करीबी लोग कहते हैं कि गुरपंथ उनके लिए सिर्फ भाई नहीं बल्कि एक सहारा थे। अभी तक गुरदास मान की तरफ से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं आई है लेकिन उनके दुख की गहराई हर कोई महसूस कर सकता है।
सादगी और सेवा के प्रतीक थे गुरपंथ मान
गुरपंथ सिंह मान मूल रूप से गिद्दड़बाहा से थे और एक कमीशन एजेंट के रूप में काम करते थे। उनका स्वभाव बहुत ही सरल था और समाज सेवा में हमेशा आगे रहते थे। इलाके में उन्हें एक सम्मानित व्यक्ति के रूप में जाना जाता था। उनके निधन से पूरे इलाके को गहरा आघात पहुंचा है।
चंडीगढ़ में होगा अंतिम संस्कार
गुरपंथ सिंह मान का अंतिम संस्कार मंगलवार को चंडीगढ़ में किया जाएगा। उनके परिवार में अब पत्नी और दो बच्चे हैं जो विदेश में रहते हैं। परिवार की ओर से जानकारी दी गई है कि अंतिम संस्कार में मान परिवार के सदस्य और करीबी मित्र शामिल होंगे। पंजाब भर में लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनके योगदान को याद कर रहे हैं।