Dhurandhar FA9LA Song: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय खन्ना इस समय सोशल मीडिया पर तहलका मचा रहे हैं। आदित्य धार की फिल्म ‘धुरंधर’ में उनकी सहज और प्रभावशाली अदाकारी ने दर्शकों का दिल जीत लिया है। लेकिन केवल उनकी एक्टिंग ही नहीं, बल्कि फिल्म का उनका एंट्री सॉन्ग ‘FA9LA’ भी बराबर की चर्चा में है। यह गाना जैसे ही 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुआ, सोशल मीडिया पर इसकी धूम मच गई। 8 दिसंबर को फिल्म मेकर्स ने इस गाने का पूरा वर्जन रिलीज किया और मात्र चार दिनों में यह गाना ग्लोबल सेंसेशन बन गया।
FA9LA का Spotify पर जलवा
‘FA9LA’ गाना एक बहरीन का रैप सॉन्ग है जिसे स्थानीय कलाकार फ्लिप्राची ने गाया है। इस गाने ने फ्लिप्राची के करियर में एक और बड़ा मुकाम हासिल किया है। 12 दिसंबर को रैपर ने इंस्टाग्राम पर बताया कि उनका यह हिट सॉन्ग Spotify के Viral 50 Global लिस्ट में नंबर 1 पर ट्रेंड कर रहा है। यह लिस्ट Spotify के टॉप 50 गानों की होती है जो विश्वभर में तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। इस लिस्ट में गानों को उनके शेयर, प्लेलिस्ट में शामिल होने, स्ट्रीमिंग में अचानक वृद्धि और सोशल मीडिया पर वायरल होने के आधार पर रैंक किया जाता है। फ्लिप्राची ने एक स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, “World’s #1 Viral Track।”
अक्षय खन्ना ने खुद किया ‘FA9LA’ की कोरियोग्राफी
‘FA9LA’ गाने में अक्षय खन्ना के डांस मूव्स को खूब पसंद किया जा रहा है। खास बात यह है कि इस गाने की कोरियोग्राफी अक्षय खन्ना ने खुद की है। एक इंटरव्यू में उनके कोरियोग्राफर ने बताया कि यह सीन शुरू में एक सिंपल एंट्री के तौर पर प्लान किया गया था, लेकिन अक्षय ने इसमें अपनी छाप छोड़ दी और इसे खास बना दिया। ब्लैक सूट और सनग्लासेस में अक्षय की स्वैग ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। उनका यह अंदाज दर्शकों को खूब भा रहा है।
‘धुरंधर’ में दमदार कलाकारों की फौज
फिल्म ‘धुरंधर’ में अक्षय खन्ना के साथ रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन और सारा अर्जुन जैसे बड़े सितारे भी हैं। अक्षय खन्ना इस फिल्म में रहमान डाकू की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की कहानी और कलाकारों के प्रदर्शन को दर्शकों और समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। अक्षय की परफॉर्मेंस और गाने की लोकप्रियता ने फिल्म को अतिरिक्त मजबूती दी है।
View this post on Instagram
सोशल मीडिया पर अक्षय की छवि चमकी
सोशल मीडिया पर अक्षय खन्ना का यह नया अवतार उनके फैंस के लिए खास खुशी लेकर आया है। उनके डांस मूव्स और गाने का वायरल होना यह दर्शाता है कि वह अपनी कला के साथ लगातार नए प्रयोग कर रहे हैं। ‘FA9LA’ गाने ने उनकी पॉपुलैरिटी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है। सोशल मीडिया पर उनके फैंस लगातार इस गाने और उनकी परफॉर्मेंस की तारीफ कर रहे हैं। अक्षय का यह अंदाज उन्हें अन्य कलाकारों से अलग पहचान दिला रहा है।

