BJP CM Press Conference: मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर आज बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस दौरान वे मोदी सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ के बीजेपी मुख्यालय में सुबह 10 बजकर 45 मिनट पर मीडिया से बातचीत करेंगे।
देशभर में बीजेपी सीएम बताएंगे विकास की कहानी
आज महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। सभी मुख्यमंत्री अपने-अपने राज्यों में मोदी सरकार के कामों और योजनाओं को गिनाएंगे और जनता को भरोसा दिलाएंगे कि देश सही दिशा में बढ़ रहा है।
जेपी नड्डा ने गिनाईं केंद्र सरकार की बड़ी उपलब्धियां
बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी ने देश की राजनीतिक संस्कृति को बदल दिया है। पहले सिर्फ घोषणाएं होती थीं जो कभी पूरी नहीं होती थीं लेकिन अब जो कहा जाता है वही किया जाता है और उसका असर साफ नजर आता है।
आतंक के खिलाफ कड़ा रुख अब भारत की पहचान
जेपी नड्डा ने कहा कि पहले जब देश पर आतंकी हमले होते थे तब हम दुनिया से मदद की अपील करते थे लेकिन अब भारत खुद आतंकियों को उनके घर में घुसकर खत्म करता है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत अब किसी पर निर्भर नहीं बल्कि निर्णायक फैसले लेता है।
राजनीति की दिशा बदली अब सिर्फ काम बोलता है
जेपी नड्डा ने कहा कि मोदी सरकार ने सिर्फ घोषणाएं नहीं की बल्कि उन पर काम भी किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने हर वर्ग के लिए योजनाएं चलाई हैं और उनका लाभ जमीन पर लोगों को मिला है। अब राजनीति सिर्फ भाषण तक सीमित नहीं रही अब जनता परिणाम देखती है।