Harry Brook: इंग्लैंड के बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने भारत के खिलाफ खेले जा रहे पांचवें टेस्ट मैच की पहली पारी में शानदार अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 64 गेंदों में 53 रनों की तेज़तर्रार पारी खेली। लेकिन चर्चा उनकी बल्लेबाज़ी से ज्यादा उस एक खास शॉट की हो रही है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। दरअसल यह शॉट कुछ ऐसा था जिसे देखकर हर किसी को ऋषभ पंत की याद आ गई।
सिराज की गेंद पर घुटनों के बल लगाया छक्का
इंग्लैंड की पहली पारी का 48वां ओवर भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज कर रहे थे। इस ओवर की दूसरी गेंद उन्होंने ऑफ स्टंप के बाहर फेंकी जो पिच पर गिरने के बाद अंदर की ओर तेजी से आई। हैरी ब्रूक ने आगे बढ़ते हुए घुटनों के बल बैठकर डीप फाइन लेग की दिशा में शानदार छक्का मारा। शॉट लगाते वक्त वे गिर भी गए लेकिन शॉट पूरा करने तक संघर्ष करते रहे। इस नजारे को देख दर्शक अपनी हंसी नहीं रोक पाए और स्टेडियम में तालियों की गूंज सुनाई दी।
https://twitter.com/i/status/1951308909819367855
इंग्लैंड को मिली 23 रनों की बढ़त
मैच की बात करें तो भारत की पहली पारी 224 रनों पर सिमट गई। इसके जवाब में इंग्लैंड ने पहली पारी में 247 रन बनाए और 23 रनों की बढ़त हासिल कर ली। इंग्लैंड के लिए जैक क्रॉली ने 64 रन, बेन डकेट ने 43 रन और हैरी ब्रूक ने 53 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं भारत की ओर से मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने 4-4 विकेट झटके जबकि अक्षदीप ने एक विकेट लिया।
जायसवाल का अर्धशतक, भारत की वापसी की कोशिश
दूसरी पारी में भारतीय टीम ने दो विकेट खोकर 75 रन बना लिए हैं। युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने बेहतरीन अर्धशतक लगाया और वे 51 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। उनके साथ अक्षदीप नाइटवॉचमैन के रूप में 4 रन बनाकर मौजूद हैं। भारत की कुल बढ़त 52 रनों की हो गई है। केएल राहुल मात्र 7 रन बनाकर आउट हुए जबकि साई सुदर्शन 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
ब्रूक का शॉट बना चर्चा का विषय
हैरी ब्रूक का ये अनोखा शॉट क्रिकेट प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर उनकी तुलना ऋषभ पंत से की जा रही है। कई फैंस ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि ब्रूक ने पंत को ‘कॉपी पेस्ट’ कर दिया। क्रिकेट की दुनिया में इस तरह के शॉट कम ही देखने को मिलते हैं इसलिए यह पल खास बन गया है

