West bengal News(Pocketsnews): पश्चिम बंगाल की भाजपा सरकार में अब हर मंत्री अपनी मर्जी से सरकार के कामकाज और प्रशासन से जुड़े मुद्दों पर मीडिया के सामने बयान नहीं दे सकेगा। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इसको लेकर नया नियम लागू कर दिया है। अब सरकार की तरफ से आधिकारिक बयान देने की जिम्मेदारी सिर्फ तीन मंत्रियों को सौंपी गई है। माना जा रहा है कि इस फैसले का मकसद सरकार की तरफ से आने वाले बयानों में एकरूपता बनाए रखना है ताकि अलग अलग मंत्रियों के बयान से किसी तरह का भ्रम पैदा न हो।
कैबिनेट बैठक के बाद हुआ ऐलान
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को कोलकाता के नवान्न में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक की। बैठक खत्म होने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की और सरकार की नई मीडिया नीति के बारे में जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने साफ कर दिया कि अब राज्य सरकार और प्रशासन के कामकाज को लेकर हर मंत्री मीडिया में अपनी तरफ से आधिकारिक बयान नहीं देगा। इसके लिए अलग अलग जिम्मेदारी तय कर दी गई है।
बांग्ला और अंग्रेजी मीडिया की जिम्मेदारी दो मंत्रियों को
नई व्यवस्था के मुताबिक उद्योग मंत्री तापस राय और स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन बांग्ला और अंग्रेजी मीडिया से बातचीत करेंगे। यानी राज्य सरकार के फैसलों और प्रशासन से जुड़े बड़े मुद्दों पर इन दोनों मंत्रियों के जरिए ही सरकार का आधिकारिक पक्ष सामने आएगा। इससे मीडिया को भी सरकार की तरफ से जानकारी हासिल करने के लिए एक तय माध्यम मिलेगा।
हिंदी मीडिया के लिए उमेश राय को मिली जिम्मेदारी
इस नई व्यवस्था में हिंदी मीडिया को भी खास जगह दी गई है। राज्यमंत्री उमेश राय को हिंदी मीडिया के सामने सरकार का पक्ष रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब हिंदी पत्रकारों को राज्य सरकार और प्रशासन से जुड़े मामलों पर आधिकारिक जानकारी इन्हीं के जरिए मिलेगी।
सरकार के संदेश में नहीं होगा अलग अलग बयान का पेंच
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के इस फैसले से साफ है कि सरकार अब अपने मंत्रियों के सार्वजनिक बयानों को लेकर ज्यादा सतर्क रहना चाहती है। कई बार अलग अलग नेताओं के बयान से एक ही मुद्दे पर अलग तस्वीर सामने आने लगती है। ऐसे में सरकार चाहती है कि उसकी नीतियों और फैसलों को लेकर जनता तक एक ही तरह की जानकारी पहुंचे। अब देखना होगा कि इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद बंगाल सरकार और मीडिया के बीच बातचीत का तरीका कितना बदलता है।

