back to top
Sunday, November 22, 2026
Homeराजनीतिइटली में है सोनिया गांधी का पुश्तैनी घर, जानिए किसने खरीदा और...

इटली में है सोनिया गांधी का पुश्तैनी घर, जानिए किसने खरीदा और क्या है खासियत

Italy News(Pocketsnews): सोनिया गांधी का बचपन वाला घर एक बार फिर चर्चा में है। भारत की राजनीति में अपनी अलग पहचान रखने वाली कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का बचपन इटली के एक छोटे से गांव में बीता था। अब उनके इसी पुराने घर को म्यूजियम बनाने की तैयारी चल रही है। खास बात यह है कि इस मकान का मालिक कोई विदेशी नहीं बल्कि पंजाब से ताल्लुक रखने वाला एक सिख कारोबारी है।

सोनिया गांधी का जन्म 9 दिसंबर 1946 को इटली के लुसियाना गांव में हुआ था। यह गांव इटली के वेनेटो क्षेत्र के विसेंजा प्रांत में आता है। इसी जगह पर सोनिया गांधी ने अपने जीवन के शुरुआती साल बिताए थे। उनका परिवार मेनन परिवार के नाम से जाना जाता था। उनके पिता स्टेफानो मेनोन पेशे से राजमिस्त्री और बिल्डिंग ठेकेदार थे।

जिस घर में सोनिया गांधी का बचपन गुजरा वह कोई बहुत बड़ा महल नहीं बल्कि छह कमरों वाला एक पुराना मकान है। इसकी इमारत ग्रे रंग के पत्थरों और कंक्रीट से बनी हुई है। घर के बाहर भारतीय तिरंगा लगा हुआ है और एक बोर्ड पर इसे सोनिया गांधी का जन्मस्थान बताया गया है। इस घर को अब इंडियन हाउस के नाम से भी जाना जाता है।

अब सवाल है कि आखिर इस घर का मालिक कौन है। दरअसल पंजाब के होशियारपुर जिले के रहने वाले सुखदेव सिंह कंग ने साल 2020 में इस मकान को खरीदा था। वह साल 1992 में इटली चले गए थे और तब से वहीं रह रहे हैं। उन्होंने यह संपत्ति अपनी पत्नी और बेटी के नाम पर खरीदी थी। बताया जाता है कि मकान बेचने वाले परिवार की इच्छा थी कि यह घर किसी भारतीय परिवार के पास जाए ताकि सोनिया गांधी से जुड़ी इसकी पहचान बनी रहे।

सुखदेव सिंह कंग और उनका परिवार इस मकान को किराये पर देने या किसी दूसरे काम में इस्तेमाल करने के पक्ष में नहीं है। उनका कहना है कि यह जगह सोनिया गांधी के परिवार से जुड़ी है और इसकी पुरानी पहचान को बनाए रखना जरूरी है। इसी वजह से परिवार ने इसे म्यूजियम बनाने का फैसला किया है। इस योजना को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी अनुमति भी मिलने की बात कही गई है।

सुखदेव सिंह चाहते हैं कि सोनिया गांधी और उनके बच्चे राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी वाड्रा इस काम में सहयोग करें। उनकी इच्छा है कि गांधी परिवार की पुरानी तस्वीरें दस्तावेज और कुछ निजी यादगार चीजें इस म्यूजियम में रखी जाएं ताकि यहां आने वाले लोगों को सोनिया गांधी के शुरुआती जीवन के बारे में जानकारी मिल सके।

फिलहाल इस मकान की देखभाल के लिए एक केयरटेकर रखा गया है। सुखदेव सिंह इसके रखरखाव और संपत्ति कर पर हर साल करीब एक हजार यूरो खर्च करते हैं। अब उनकी कोशिश है कि इस पुराने घर को ऐसी जगह बनाया जाए जहां भारत से इटली घूमने जाने वाले लोग भी पहुंच सकें और सोनिया गांधी के बचपन से जुड़ी यादों को करीब से देख सकें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments