T20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव की तारीफों के कसीदे पढ़े जा रहे हैं। इसी बीच उनकी एक पुरानी फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। यह फोटो सूर्यकुमार ने साल 2014 में पोस्ट की थी, लेकिन तब ज्यादा ध्यान नहीं गया था। अब जब टीम इंडिया ने तीसरी बार T20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता है, तो सूर्या का 12 साल पुराना यह पोस्ट चर्चा में आ गया है। फैंस इस फोटो पर जमकर कमेंट और लाइक कर रहे हैं।
खुद के फोटो पर किया मजेदार कमेंट
दरअसल, सूर्यकुमार यादव ने अपनी पुरानी फोटो पर अब मजेदार कमेंट कर इसे फिर से वायरल कर दिया। उन्होंने जनवरी 2014 में एक फोटो पोस्ट की थी, जिसका कैप्शन था, “दोस्त के पेट्रोल पंप का उद्घाटन… उसके लिए बहुत खुश हूं।” तब सूर्या का नाम बड़ा नहीं था और पोस्ट गुमनाम रहा। लेकिन टीम इंडिया के T20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद फैंस ने इस पोस्ट को खोज निकाला। सूर्या ने ट्रॉफी के साथ अपनी फोटो पोस्ट करते हुए लिखा, “आज इस व्यक्ति के लिए बहुत खुश हूं।” इस कमेंट के बाद फोटो तेजी से वायरल हो गई।

टीम इंडिया की चैंपियन बनाते हुए सूर्या का योगदान
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार T20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता। यह उपलब्धि भारतीय टीम के इतिहास में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। सूर्या की कप्तानी में टीम ने सामूहिक प्रदर्शन और रणनीति के दम पर ट्रॉफी जीती। उनके नेतृत्व और योगदान ने टीम को प्रेरित किया और टीम के सभी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। फैंस अब सूर्या के सोशल मीडिया पोस्ट और खेल दोनों पर ही ध्यान दे रहे हैं।
सूर्यकुमार बने चौथे ICC ट्रॉफी जीतने वाले कप्तान
गौरतलब है कि सूर्यकुमार यादव ICC ट्रॉफी जीतने वाले चौथे भारतीय कप्तान बने हैं। इससे पहले कपिल देव (1983 ODI WC), सौरव गांगुली (2000 CT), महेंद्र सिंह धोनी (2007 T20 WC, 2011 WC, CT 2013) और रोहित शर्मा (2024 T20 WC और 2025 CT) ने ICC ट्रॉफी अपने नाम की थी। सूर्या उन चुनिंदा खिलाड़ियों में हैं जिनके नाम 100 से अधिक T20I मैच खेलने का रिकॉर्ड है। उन्होंने 113 T20I मैचों में 3272 रन बनाए हैं और चार शतक भी जड़े हैं। उनकी यह उपलब्धि उन्हें भारतीय क्रिकेट के महान कप्तानों की सूची में शामिल करती है।

